Monsoon In Mumbai: मुंबई में मानसून की हलचल के बीच सीएम ठाकरे ने की बैठक, अनहोनी से निपटने के लिए प्रशासन को दिए आदेश - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

Monsoon In Mumbai: मुंबई में मानसून की हलचल के बीच सीएम ठाकरे ने की बैठक, अनहोनी से निपटने के लिए प्रशासन को दिए आदेश



केरल में मानसून की दस्तक के बाद अब महाराष्ट्र के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक मुंबई समेत राज्य के अन्य इलाकों में भी बारिश होगी। उद्धव ठाकरे ने मानसूनी बरसात को देखते हुए और अधिकारियों की बैठक बुलाई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में मानसून की दस्तक को देखते हुए किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए प्रशासन को आदेश दे दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ कोविड-19 से पीड़ित और अन्य मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा ना हो, इसके लिए भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रशासन को आदेश देते हुए कहा है कि निचले स्थानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाए।

सीएम ने संरक्षक मंत्रियों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ बैठक करने को कहा है। ताकि समय से पहले किसी भी बड़ी आपदा से निपटा जा सके। सीएम ने मुंबई महानगर क्षेत्र और कोंकण क्षेत्र में 9 जून से शुरू होने वाले बारिश की संभावना के बीच किसी भी अनहोनी का सामना करने से पहले अधिकारियों को तैयार रहने के लिए कहा है।

आरएमसी ने ट्वीट कर लिखा कि अगले पांच दिन में मौसम बिगड़ने की कई चेतावनी दी गई है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 10 जून से अधिक बारिश होने की आशंका है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते शनिवार को महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण राज्य के कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। जिसके बाद मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि महाराष्ट्र में मानसून का असर पॉजिटिव होगा।

मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। बीती 3 जून को केरल में मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद कई इलाकों में जमकर बरसात हुई। अब धीरे-धीरे दक्षिण पश्चिम मानसून केरल से महाराष्ट्र और उत्तर भारत में दस्तक देगा। उम्मीद है कि 26 से 30 जून के बीच मानसून उत्तर भारत के कई राज्यों में दस्तक दे देगा।