केन्द्रीय जेल के बंदी पढ़ रहे हैं इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय में - Jai Bharat Express

Jai Bharat Express

Jaibharatexpress.com@gmail.com

Breaking

केन्द्रीय जेल के बंदी पढ़ रहे हैं इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय में

 नेताजी सुभाषचंद्र बोस केन्द्रीय जेल के बंदी पढ़ रहे हैं इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय में




जबलपुर | वर्तमान में प्रदेश के कारागार बंदीगृह के साथ-साथ में सुधारात्मक गृहों की ओर अग्रसर हो रही हैं। जहां पर बंदियों को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसी अनुक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल जबलपुर में जहां एक ओर राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा बंदियों को इलेक्ट्रीशियन, टीवी रिपेयरिंग, बेकरी इत्यादि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं दूसरी और बंदियों को साक्षरता से लेकर उच्च शिक्षा तक की व्यवस्थाएं की गई हैं। इस हेतु नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल जबलपुर में इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय दिल्ली का केंद्र खोला गया है। जहां पर बंधुओं को स्कूली पाठ्यक्रमों के साथ-साथ कॉलेज स्तर तक का अध्ययन कराया जाता है और उन्हें विभिन्न प्रकार के रोजगार मूलक ज्ञान-परक व व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की शिक्षा भी दी जाती है। इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय का यह केन्द्र नेताजी सुभाष चंद्र बोस, केंद्रीय जेल जबलपुर में 20 जनवरी 2010 को खोला गया और अब तक 1800 बंदियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में शिक्षा दी जाकर उन्हें शिक्षित किया गया तथा बाहर निकलने पर सामाजिक पुनस्र्थापना के लायक बनाया गया।

 

विदित हो कि 3 अप्रैल 2019 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस, केंद्रीय जेल जबलपुर में इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय का जेल इतिहास में प्रथम दीक्षांत समारोह कराया गया जो कि जेलों के लिए स्मरणीय और प्रेरणास्पद रहा। 

वर्तमान में केंद्रीय जेल जबलपुर में परीक्षाओं का सत्र प्रारंभ है। 08 फरवरी 2021 से परीक्षा प्रारंभ होकर 13 मार्च 2021 तक आयोजित की जाएगी। सत्र 2020-21 में 190 पुरुष और 30 महिला बंदी इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे हैं। बंधुओं हेतु यह शैक्षणिक कार्यक्रम पूर्णत: नि:शुल्क है और बंदियों द्वारा भी बड़े उत्साह से इन पाठ्यक्रमों में भाग लिया जा रहा है। 11 फरवरी 2021 तक भाषा विज्ञान और हिंदी भाषा, आपका भोजन और उसकी उपयोगिता लागत लेखा के मूल तत्व, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में आधार पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया में सरकार और राजनीति भारत में सामाजिक समस्याएं, भारत में मानव अधिकार, भोजन एवं पोषण में प्रमाण पत्र की परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। आगे भी इसी तरह अन्य कई विषयों पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। 

10 एवं 11 फरवरी 2021 को जेल मुख्यालय भोपाल से आये अतिरिक्त महानिदेशक आशुतोष राय ने प्रधानमंत्री कौशल उन्नयन प्रशिक्षण केंद्र तथा जेल में चलाए जा रहे इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और परीक्षाओं का निरीक्षण किया तथा इन व्यवस्थाओं से अत्यधिक प्रभावित होते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल जबलपुर के लिए यह बड़े गौरव का विषय है कि इंदिरा गांधी ओपन विश्वविद्यालय का केंद्र यहां पर खुला हुआ है। इस तरह के केन्द्र अन्यत्र जिलों में भी खोले जाने चाहिए।