असम में प्रधानमंत्री मोदी बोले- बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने असम को देश से किया था डिस्कनेक्ट - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

असम में प्रधानमंत्री मोदी बोले- बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार ने असम को देश से किया था डिस्कनेक्ट

 


गुवाहाटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम के करीमगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि दशकों पहले यह पूरा क्षेत्र बेहतर कनेक्टिविटी वाले हिस्सों में से एक था लेकिन बरसों तक चले कांग्रेस के भ्रष्टाचार और वोट बैंक की राजनीति ने असम को सबसे अधिक डिस्कनेक्टिड राज्यों में शामिल कर दिया। आज असम में विकास और विश्वास की लहर है। आज असम में शांति और समृद्धि का विश्वास है। आज असम में एक ही मसला है विकास, तेज विकास, निरंतर विकास, सबका विकास... 

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो वीर लचित बोरफुकन से लेकर नेताजी सुभाषचंद्र बोस तक, हर देशवासी, अपने राष्ट्र निर्माताओं को नमन कर रहा है। यह सुखद संयोग ही है कि आज असम में अपनी चुनावी सभाओं का आरंभ में बराक वैली से कर रहा हूं। तीन दशक पहले जब देश में भाजपा का उतना विस्तार नहीं हुआ था, तब भी बराक वैली ने 15 में से 9 सीटें भाजपा को दी थीं। इन वर्षों में भाजपा आपके बीच रहकर आपकी आवाज बनती रही है।

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा‍ कि कांग्रेस सरकारों और उनकी नीतियों ने असम को सामाजिक, सांस्कृतिक, भौगोलिक और राजनीतिक हर तरह से नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस की सरकारें बराक वैली के लिए डिविजनल कमिश्नर गुवाहाटी से चलाती रहीं, ये कितना बड़ा अन्याय था। हमारी सरकार ने इस अन्याय को दूर किया। आज असम में विकास की लहर है, विश्वास की लहर है। आज असम में शांति का विश्वास है, समृद्धि का विश्वास है। आज असम में एक ही मुद्दा है- विकास, तेज विकास, निरंतर विकास, सबका विकास। 

पीएम मोदी ने कहा कि असम के पुराने गौरव को लौटाने के लिए पारंपरिक ट्रेड रूट को फिर से मजबूत करने का प्रयास हो रहा है। जलमार्गों को बड़े कॉर्गो परिवहन के लिए भी तैयार किया जा रहा है। सिलचर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ये क्षेत्र आयात-निर्यात का हब बन सके। असम को मेघालय से जोड़ने के लिए इससे भी बड़े धुबरी-फूलबारी ब्रिज का निर्माण कौन करवा रहा है? भाजपा की सरकार पूरा करा रही है। देश का सबसे लंबा नदी रोपवे असम को किसने दिया? भाजपा की सरकार ने पूरा किया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने असम को हर प्रकार से बांटकर रखा लेकिन भाजपा ने असम को हर प्रकार से जोड़ने का प्रयास किया है। बराक-ब्रह्मपुत्र, पहाड़-भैयाम... हमारी सरकार हर क्षेत्र का एक समान विकास कर रही है। भाजपा का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है। असम के चाय बगानों में काम करने वाले लोगों के विकास के लिए असम की सरकार विशेष प्रयास कर रही है। असम में हमारी सरकार ने लाखों भूमिहीन लोगों को पट्टे दिए हैं, बच्चों की पढ़ाई के लिए नए स्कूल खोले हैं और ये काम लगातार चल रहा है।