असम-बिहार में बाढ़ और भूस्खलन का तांडव, 37 लाख लोग प्रभावित - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

असम-बिहार में बाढ़ और भूस्खलन का तांडव, 37 लाख लोग प्रभावित

गुवाहाटी । पूर्वोत्तर राज्य असम और बिहार में भारी बारिश के चलते बाढ के हालात होने से हालत गंभीर बनी हुई है और करीब 37 लाख की आबादी प्रभावित हुई है। असम में बाढ़ जनित घटनाओं में तीन और लोगों की मौत हो गई, 33 जिलों में 27 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य में इस साल 122 लोगों की मौत हुई है। वहीं बिहार में करीब दस लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गंडक नदी का तटबंध तीन स्थानों पर टूट जाने से कई इलाके डूब गए। हालांकि किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 10 जिलों में 74 प्रखंडों की 529 पंचायतों में 9.60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से कई जिलों का संपर्क कट गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। बारिश के बीच भूस्खलन से पश्चिम सियांग जिले में संपर्क कट गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल से बात की और राज्य के प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता प्रकट की। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से असम, बिहार और उत्तरप्रदेश के बाढ़ और कोविड-19 से प्रभावित लोगों के लिए रेड क्रॉस की राहत सामग्री ले जा रहे नौ ट्रकों को रवाना किया। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार में 26-28 जुलाई के बीच और पंजाब तथा हरियाणा में 27 से 29 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
बिहार में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और खगड़िया बाढ़ से प्रभावित है। मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में बारिश का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।