पासवान के निधन के बाद पीयूष गोयल को सौंपा गया उपभोक्ता मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

पासवान के निधन के बाद पीयूष गोयल को सौंपा गया उपभोक्ता मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

 


नई दिल्ली: रेल मंत्री पीयूष गोयल को राम विलास पासवान के निधन के बाद उनके मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर गोयल को खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। पासवान का कल रात निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। केन्द्रीय मंत्री कुछ दिनों से राजधानी के एस्कार्ट अस्पताल में भर्ती थे। पासवान का हाल में दिल का ऑपरेशन हुआ था। इससे पहले उनका कई बीमारियों का विदेशों से उपचार चल रहा था। शुक्रवार को राम विलास पासवान के पार्थिव शरीर को दिल्ली में उनके सरकारी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के शुक्रवार को अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पासवान 1969 में युवावस्था में ही बिहार विधानसभा के लिए चुन लिए गए थे। राजनीति में आने से पहले उनका बिहार पुलिस सेवा में उपाधीक्षक पद पर चयन भी हो गया था। लेकिन पुलिस की नौकरी के बजाय उन्होंने जनता की सेवा के लिए राजनीति को ही चुना।

पासवान ने केन्द्र में रेल, इस्पात, कोयला, दूरसंचार तथा खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। वर्ष 2014 में वह केन्द्र में नरेंद्र मोदी सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री बनाए गए थे और तब से वह लगातार इस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।