जबलपुर के शिशिर सिंह ने शहडोल पुलिस लाइन में खुद को मारी गोली - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

जबलपुर के शिशिर सिंह ने शहडोल पुलिस लाइन में खुद को मारी गोली

मृतक आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत पिता स्वर्गीय शरद सिंह, मूल रूप से जबलपुर का निवासी था। उसे वर्ष 2013 में बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।



MP - शहडोल। पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में पहरा ड्यूटी के दौरान एक आरक्षक द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब 1:25 बजे की बताई जा रही है। क्वार्टर गार्ड ड्यूटी पर तैनात आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत (29 वर्ष) ने ड्यूटी के लिए प्रदाय की गई सर्विस राइफल से अपनी गर्दन/दाढ़ी के पास गोली मार ली, जो सिर से पार हो गई। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


 


स्थानीय सूत्रों के मुताबिक घटना से ठीक पहले आरक्षक मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान किसी बात पर विवाद या तनाव बढ़ा और गुस्से में उसने अपना मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। इसके तुरंत बाद उसने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास सो रहे अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।


 


सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। टूटा मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।


 


मृतक आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत पिता स्वर्गीय शरद सिंह, मूल रूप से जबलपुर का निवासी था। उसे वर्ष 2013 में बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2015 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद वह नियमित आरक्षक के पद पर नियुक्त हुआ था। परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।