जबलपुर में चलती कार से स्टंट करना पड़ा भारी! वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई हुआ ₹3,500 का जुर्माना।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद माढ़ोताल पुलिस ने कार चालक के खिलाफ की चालानी कार्रवाई, लगाया ₹3,500 का जुर्माना।
MP- जबलपुर | जबलपुर में चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर युवकों द्वारा स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित सोशल मीडिया सेल की टीम लगातार सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी दौरान जबलपुर के मार्ग पर दो कारों की खिड़कियों से निकलकर स्टंट करते युवकों का वीडियो सामने आया।
वीडियो को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में माढ़ोताल पुलिस ने कार के नंबर MP 20 CE 6620 के आधार पर वाहन चालक की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान कार चालक की पहचान साहिल गोस्वामी (20 वर्ष), निवासी स्नेहनगर, पटेल मोहल्ला, यादव कॉलोनी, जबलपुर के रूप में हुई।
पूछताछ में साहिल ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले कार खरीदी थी। दो दिन पूर्व वह अपने दोस्तों को कार में बैठाकर जीरो डिग्री के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसके दोस्तों ने चलती कार में स्टंट किया।
पुलिस ने लगाया ₹3,500 का चालान
माढ़ोताल पुलिस ने कार चालक साहिल गोस्वामी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए ₹3,500 का चालान काटा। साथ ही उसे भविष्य में चलती गाड़ी में किसी भी प्रकार का स्टंट न करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
साहिल ने दोबारा इस तरह की हरकत नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
वायरल वीडियो के आधार पर वाहन चालक को तलाश कर कार्रवाई करने में प्रधान आरक्षक लालजी, प्रतीक बागरी तथा आरक्षक श्रावण और विनय की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: चलती गाड़ी में स्टंट करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे चालक, वाहन में बैठे लोगों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है।