MRM पोर्टल से 15 लाख रुपये पीड़ितों को वापस: साइबर सेल और जिले के सभी थानों को साइबर फ्रॉड की शिकायतों में होल्ड की गई राशि को जल्द से जल्द पीड़ितों तक वापस पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
MP- जबलपुर। साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए जबलपुर पुलिस द्वारा MRM (Money Restoration Module) पोर्टल के माध्यम से तेजी से कार्रवाई की जा रही है। अब तक करीब 34 लाख रुपये की होल्ड राशि में से लगभग 15 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए जा चुके हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) द्वारा साइबर ठगी की राशि को शीघ्र ट्रेस, होल्ड और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ितों को रिफंड कराने के उद्देश्य से MRM पोर्टल विकसित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में साइबर सेल और जिले के सभी थानों को साइबर फ्रॉड की शिकायतों में होल्ड की गई राशि को जल्द से जल्द पीड़ितों तक वापस पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, NCRP पोर्टल के माध्यम से दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों में ₹50 हजार से कम की होल्ड राशि को MRM पोर्टल के जरिए रिफंड कराने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके लिए पीड़ित से आवश्यक दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी, पैन कार्ड और क्षतिपूर्ति बंधपत्र प्राप्त कर कार्रवाई की जा रही है।
जबलपुर पुलिस द्वारा MRM पोर्टल पर प्राप्त और भेजी गई रिक्वेस्ट की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। लंबित मामलों में संबंधित बैंकों के साथ समन्वय कर होल्ड राशि को जल्द से जल्द पीड़ितों के खाते में वापस कराने की प्रक्रिया जारी है।
📞 साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
जबलपुर साइबर सेल हेल्पलाइन: 7701050010
सतर्क रहें, सजग रहें, सुरक्षित रहें।
