लाल किला हिंसा में एक और गिरफ्तारी, आरोपी इकबाल सिंह को स्पेशल सेल ने पकड़ा - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

लाल किला हिंसा में एक और गिरफ्तारी, आरोपी इकबाल सिंह को स्पेशल सेल ने पकड़ा

 


होशियारपुर:राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में 26 जनवरी को किसान ट्रैक्टर रैली (Kisan Tractor Rally) के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने आरोपी इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया है. वह 26 जनवरी को लाल किला (Red Fort) पर हुए हिंसा मामले में वांछित था. इकबाल सिंह (Iqbal Singh) पर 50 हजार रूपये का ईनाम रखा गया था. बीती रात पंजाब के होशियारपुर (Hoshiarpur) जिले से स्पेशल सेल ने इकबाल सिंह को पकड़ा है. इससे पहले लालकिला हिंसा (Red Fort Violence) में आरोपी और पंजाबी अभिनेता से एक्टिविस्ट बने दीप सिद्धू (Deep Sidhu) को गिरफ्तार किया गया था.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दीप सिद्धू को मंगलवार को गिरफ्तार किया. 26 जनवरी को लाल किला पर हुई हिंसा के बाद से सिद्धू फरार था. पुलिस ने पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर उनकी तलाश की और उन पर 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था. मंगलवार को हरियाणा के करनाल से सिद्धू को पकड़ लिया. पुलिस जांच करने में लगी है कि इन आरोपियों को 26 जनवरी के बाद कहां से पनाह मिली और इसे किसने मुहैया कराया.

दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा में संलिप्तता के लिए दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह के बारे में जानकारी के लिए प्रत्येक पर 1 लाख रुपये का नकद इनाम रखा था और जजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था. हिंसा में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे, जिनमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे.


कहा जा रहा है कि जिन लोगों ने दीप सिद्धू को शरण दी थी, वे भी कानूनी कार्रवाई का सामना कर सकते हैं. इससे पहले, एक अन्य सह-अभियुक्त सुखदेव सिंह को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया था. वहीं 31 जनवरी को सिद्धू ने अपने वेरिफाइड फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड किया था. 15 मिनट के लंबे वीडियो संदेश 'सीधे दिल से' में उन्हें पंजाबी में एक भावनात्मक बयान देते हुए देखा गया, जिसमें उन्होंने कहा था, 'मुझे बदनाम किया जा रहा है .. मैंने अपना पूरा जीवन पीछे छोड़ दिया, और यहां पंजाबियों के विरोध में शामिल होने के लिए आया, लेकिन अब मुझे देशद्रोही करार दिया जा रहा है.'