मध्य प्रदेश में मंत्री संपतिया उईके पर 1 हजार करोड़ की घूसखोरी का लगा आरोप। - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express 24 एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express 24 पढ़ें।

Breaking

मध्य प्रदेश में मंत्री संपतिया उईके पर 1 हजार करोड़ की घूसखोरी का लगा आरोप।

मध्य प्रदेश की आदिवासी मंत्री संपतिया उइके पर 1000 करोड़ रुपये की घूसखोरी का लगा गंभीर आरोप



प्रधानमंत्री कार्यालय ने 7 दिन में रिपोर्ट मांगी है. मंत्री के विभाग ने ही उनके खिलाफ जांच शुरू की है, जिससे राजनीतिक हलचल मची हुई है. विपक्ष ने मंत्री पर इस्तीफे की मांग की है।


MP - भोपाल |मध्यप्रदेश की आदिवासी नेता और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके पर 1000 करोड़ रुपये की घूस लेने का गंभीर आरोप सामने आया है. यह आरोप जल जीवन मिशन के तहत राज्य को मिले फंड में कथित भ्रष्टाचार को लेकर लगाया गया है. इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने 7 दिन में रिपोर्ट तलब की है, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है. खास बात है कि मंत्री के ही विभाग ने मंत्री के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं. आदेश सामने आने के बाद विभाग ने खंडन जारी किया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने खुद अपनी मंत्री के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं. प्रमुख अभियंता संजय अधवान ने यह आदेश उस शिकायत के आधार पर दिए, जो पूर्व विधायक किशोर समरीते ने 12 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री के नाम भेजी थी,शिकायत में आरोप लगाया गया कि जल जीवन मिशन के लिए केंद्र से मिले 30,000 करोड़ रुपये में से मंत्री संपतिया उइके ने 1000 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में लिए हैं. इसके साथ ही शिकायत में संबंधित मंडल के कार्यपालन यंत्रों पर भी कमीशन वसूली में शामिल होने के आरोप है. PMO ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि वे जल जीवन मिशन के लिए भेजे गए 30 हजार करोड़ के पहले फेज की उपयोगिता और खर्च की जांच करें और मंत्री तथा संबंधित अधिकारियों की संपत्तियों का विवरण दें।

मंत्री संपतिया उइके ने क्या कहा ?

मामला सामने आने के बाद मंत्री का जवाब भी सामने आया है. उन्होंने कहा मैं बिल्कुल सही हूं जांच करें, मुझे कोई परेशानी नहीं है. मुझे परेशान किया जा रहा है. मेरी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ है. अगर कोई शिकायत आती है तो हमारी सरकार खुद जांच करवाती है. उन्होंने आगे कहा कि मैं मुख्यमंत्री से मिलने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगी और एक-एक सवाल का जवाब दूंगी. मेरा संगठन मुझे जानता है कि मैं कैसी हूं।