SP सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त, 17 शराब तस्कर और 3 गांजा तस्कर भी गिरफ्तार
जबलपुर पुलिस का आधी रात बड़ा ऑपरेशन
210 वारंट तामील, 9 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार, 51 चाकू, 8.765 किलो गांजा और अवैध शराब जब्त। अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
MP- जबलपुर |जबलपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में एक साथ चलाए गए अभियान के दौरान 210 लंबित वारंटों की तामील की गई और वर्षों से फरार कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 51 चाकू जब्त किए। वहीं 3 गांजा तस्करों से 8 किलो 765 ग्राम गांजा (करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत) बरामद किया गया।
इसके अलावा 17 अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर 34 लीटर कच्ची शराब और 32 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि कॉम्बिंग गश्त के दौरान 114 गैर-मियादी वारंट, 64 गिरफ्तारी वारंट और 32 जमानती वारंट तामील किए गए। अधिकांश आरोपी कई वर्षों से फरार चल रहे थे।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखाना और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी सघन जांच की गई। सक्रिय गुंडे-बदमाशों की निगरानी करते हुए देर रात घूमने वालों से पूछताछ भी की गई।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

