जबलपुर में तेज रफ्तार का कहर: जयप्रकाश नगर मोड़ पर बेकाबू स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दंपति, उनके मासूम बच्चे समेत छह लोगों को घायल कर दिया। कार फल के ठेले, चाय की दुकान और मोबाइल शॉप में भी घुस गई। लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
फल के ठेले, चाय की दुकान और मोबाइल शॉप में घुसी कार, चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया देखिए ये Video
MP- जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर मोड़ के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक बेकाबू स्विफ्ट कार (क्रमांक MP 34 CA 0718) ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया और कार सड़क पर चल रहे बाइक सवारों, पैदल राहगीरों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित दुकानों में जा घुसी।
इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दंपति, उनका मासूम बच्चा और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल दंपति बुढागर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
मची अफरा-तफरी, दुकानों में घुसी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर लगते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे लगे फल के ठेले, चाय की दुकान और एक मोबाइल शॉप में घुस गई। हादसे के समय दुकानों पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग बाल-बाल बच गए। दुकान संचालक और वहां मौजूद कुछ लोग भी कार की चपेट में आकर घायल हो गए।
लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और अधारताल पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार अधारताल निवासी एहतेशाम चला रहा था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं तथा वाहन की गति कितनी थी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जयप्रकाश नगर मोड़ पर आए दिन तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
