139 गुम मोबाइल हुए बरामद : जबलपुर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये कीमत के 139 मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। यदि आपका मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और सतर्क रहें।
CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस हुए 139 मोबाइल, एसपी ने साइबर सुरक्षा को लेकर नागरिकों से की अपील।
MP- जबलपुर |पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में CEIR पोर्टल के माध्यम से 139 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
इस अवसर पर एसपी सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी पंजीकरण कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रेस कर वापस दिलाया जा सके।
साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या टेलीग्राम-व्हाट्सएप ग्रुप पर भरोसा न करें। बैंक खाते की जानकारी, OTP या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या जबलपुर साइबर सेल हेल्पलाइन 7701050010 पर संपर्क करे।
