Coronavirus से बड़ी राहत? 24 घंटे में रिकॉर्ड 1 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए, एक्टिव केस 10 लाख से नीचे - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

Coronavirus से बड़ी राहत? 24 घंटे में रिकॉर्ड 1 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए, एक्टिव केस 10 लाख से नीचे

 


नई दिल्ली। कोरोना वायरस का बेकाबू हो चुका संक्रमण अब कुछ हद तक आंकड़ों के अंदर काबू में नजर आ रहा है। रोजाना आने वाले कोरोना वायरस के नए मामलों में कमी आई है और साथ में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। यही वजह है कि कोरोना वायरस से रिकवरी की दर में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है और इसके एक्टिव मामलों में कमी दर्ज की गई है।  

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 75083 नए मामले सामने आए हैं और कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 55,62,663 हो गया है। 

लेकिन दूसरी तरफ कोरोना से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा देखें तो 24 घंटों के दौरान देशभर में 101468 लोग ठीक हुए हैं जो एक दिन में ठीक हुए सबसे अधिक लोग है। अबतक देशभर में कुल 4497867 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और देश में अब कोरोना से रिकवरी की दर बढ़कर 80.85 प्रतिशत तक आ गई है। 

कोरोना के नए मामलों में कमी और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार चौथे दिन कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान  देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 27,438 की कमी आई है और कुल एक्टिव मामलों का आंकड़ा 10 लाख के नीचे आकर 975861 हो गया है। 4 दिन के अंदर कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगभग 41,897 की कमी दर्ज की गई है जो एक बड़ी राहत की बात है। 

हालांकि देश में अभी कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या में ज्यादा कमी नहीं आई है जो एक चिंता का कारण है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 1053 लोगों की जान गई है। अबतक यह वायरस पूरे देश में 88935 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। 

कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है और दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत सबसे ज्यादा कोरोना टेस्टिंग करने वाला देश है। पिछले 24 घंटो के दौरान देशभर में 9.33 लाख से ज्यादा लोगों के कोरोना टेस्ट हुए हैं और अबतक देश में कुल 6.53 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।