जबलपुर। नगर निगम के जोन गोरखपुर कार्यालय में कामकाज की हालत बेहद दयनीय और चिंताजनक बनी हुई है। यहाँ आम जनता के काम समय पर नहीं हो रहे, क्योंकि न तो जिम्मेदार कर्मचारियों की कोई जवाबदेही है और न ही सिस्टम की हालत सुधर रही है।
प्रतिदिन आने वाले सैकड़ों लोग सिस्टम की खराबी और अधिकारियों की बेफिक्री के चलते परेशान होते नजर आते हैं। नगर निगम के इस जोन में सर्वर हमेशा ‘डाउन’ ही रहता है। चाहे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाना हो, संपत्ति कर जमा करना हो या फिर किसी अन्य जरूरी दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी करानी हो लोगों को यहां घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता है, लेकिन काम फिर भी नहीं हो पाता।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिम्मेदार कर्मचारी इस अव्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय अपने आरामतलब व्यवहार में ही मशगूल रहते हैं। कुछ लोगों ने तो बताया कि कई बार महिला कर्मचारी अपने टेबल पर पैर रखकर आराम फरमाती नजर आती हैं, जबकि सामने परेशान जनता घंटों धक्के खाती रहती है। ऐसा आलम देख आम नागरिकों का भरोसा पूरी तरह से टूटता जा रहा है।
स्थानीय निवासी मनोज श्रीवास्तव ने कहा, “हम लोग सुबह से लाइन में लग जाते हैं, लेकिन हर बार यही बहाना सुनने को मिलता है‘सर्वर डाउन है।’ आखिर कब तक यही चलता रहेगा? क्या हमारा काम सिर्फ फॉर्म भरने और वापस लौटने तक सीमित रह गया है?”
नगर निगम के उच्च अधिकारियों से इस लापरवाही पर पूछने पर वे या तो गोलमोल जवाब देते हैं या फिर आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। पर हकीकत यह है कि जोन गोरखपुर कार्यालय की बदइंतजामी हर रोज बढ़ती ही जा रही है।
यह गंभीर लापरवाही प्रशासन की छवि को बट्टा लगा रही है। ज़रूरी है कि निगमायुक्त खुद इस जोन के कामकाज की हकीकत जानें और जिम्मेदारों को चेताएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। वरना सरकारी दफ्तरों की इस लचर व्यवस्था का खामियाजा जनता को ही भुगतना पड़ेगा।