जांच के बाद तत्काल प्रभाव से बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम, बंडोल पुलिस स्टेशन और CSP कार्यालय के स्टाफ समेत कुल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
MP - सिवनी| मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नागपुर के एक व्यक्ति ने बंडोल पुलिस और CSP पूजा पांडे पर 1 करोड़ 45 लाख रुपये की लूट का गंभीर आरोप लगाया है। व्यक्ति ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कर दावा किया कि पुलिस ने जांच के दौरान उसकी कार से यह राशि बरामद करने का दावा किया, लेकिन रकम गायब हो गई। इस सनसनीखेज खुलासे ने स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।
शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) प्रमोद वर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के बाद तत्काल प्रभाव से बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम, बंडोल पुलिस स्टेशन और CSP कार्यालय के स्टाफ समेत कुल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, CSP पूजा पांडे के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
नागपुर निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी कार से यात्रा कर रहा था, जब बंडोल पुलिस ने उसकी गाड़ी की तलाशी ली। पुलिस ने दावा किया कि गाड़ी से 1 करोड़ 45 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। हालांकि, व्यक्ति का कहना है कि इसके बाद राशि गायब हो गई, और पुलिस ने उसे लूट लिया। इस शिकायत ने न केवल सिवनी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि पूरे पुलिस महकमे की विश्वसनीयता को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
आईजी प्रमोद वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। निलंबन के साथ-साथ, उच्च अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि जांच में पारदर्शिता बरती जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मी।
1- उप निरीक्षक अर्पित भैरम, थाना प्रभारी बण्डोल, सिवनी।
2- प्रधान आरक्षक 203 माखन, एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
3- प्रधान आरक्षक 447 रविन्द्र उईके, रीडर एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
4- आरक्षक 803 जगदीश यादव, एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
5- आरक्षक 306 योगेन्द्र चौरसिया, एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
6- आरक्षक चालक 582 रितेश, ड्रायवर एसडीओपी कार्यालय सिवनी।
7- आरक्षक 750 नीरज राजपूत, थाना बण्डोल, सिवनी।
8- आरक्षक 610 केदार, गनमैन एसडीओपी सिवनी, 8 वीं वाहिनी विसबल छिन्दवाडा।
9- आरक्षक 85 सदाफल, गनमैन एसडीओपी सिवनी, 8 वीं वाहिनी विसबल छिन्दवाडा शामिल है।