जीआरपी जबलपुर ने महज 2 घंटे में चोरी का खुलासा कर पेश की दक्षता और सतर्कता की मिसाल,खुलाशा यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के जरिए अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सकता है।
MP- जबलपुर। मध्यप्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता का एक शानदार उदाहरण सामने आया है। जीआरपी जबलपुर ने अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान चोरी हुए लगभग 10.47 लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं अन्य सामान को महज दो घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि 22 जून को नर्मदापुरम जिले के इटारसी निवासी नीलेश मालपानी ने जीआरपी थाना जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार ट्रेन क्रमांक 12853 अमरकंटक एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान उनकी पत्नी के पर्स से सोने के आभूषण, एप्पल एयरपॉड, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी हो गए थे। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख 47 हजार रुपये आंकी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजा बाबू सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान चोरी हुए एप्पल एयरपॉड की लोकेशन ट्रेस हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवनगर, गोहलपुर क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया सोने का हार, अंगूठियां, कान के टॉप्स, ब्रेसलेट, एप्पल एयरपॉड, नगदी, आधार कार्ड सहित पूरी चोरी की संपत्ति बरामद कर ली गई।
जीआरपी की इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के जरिए अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सकता है।