मध्य प्रदेश की राजनीति में नई हलचल, CM मोहन यादव के परिवार की जमीनों पर उठे सवाल:245 प्लॉट, 335 एकड़ भूमि और रियल एस्टेट कंपनियां
रिपोर्ट में मोहन यादव परिवार पर बड़े दावे
MP- भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब एक भूमि स्वामित्व रिपोर्ट में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर कुल 245 प्लॉट में लगभग 335 एकड़ जमीन दर्ज है। रिपोर्ट में कई पारिवारिक सदस्यों और उनसे जुड़े लोगों के नाम पर भूमि स्वामित्व का विवरण सामने आया है।
रिपोर्ट के अनुसार, नीलेश यादव के नाम पर 108 एकड़, गोविंद यादव के नाम पर 47 एकड़, मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम पर 17 एकड़, सीमा यादव के नाम पर 11 एकड़ तथा वैभव यादव के नाम पर 17 एकड़ भूमि दर्ज बताई गई है। इसके अलावा शालिनी यादव (10 एकड़), नारायण यादव (19 एकड़), नंदलाल यादव (17 एकड़), कलावती (17 एकड़), अभय यादव (16 एकड़) और रेखा यादव (6 एकड़) के नाम भी भूमि होने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि चार रियल एस्टेट कंपनियों का संबंध इस पूरे मामले से बताया गया है, जिनमें बहुमत हिस्सेदारी मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी पत्नी सीमा यादव के पास होने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा यादव और पुत्र वैभव यादव से लगभग 25 एकड़ भूमि जुड़ी हुई है, जबकि मुख्यमंत्री की बहन कलावती की भाभी सुनीता से 47 एकड़ जमीन का संबंध बताया गया है।
इसके अलावा तीन अलग-अलग कंपनियों में परिवार के करीबी रिश्तेदारों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी होने का भी दावा किया गया है। रिपोर्ट में यह आरोप भी लगाया गया है कि मोहन यादव के मंत्री और बाद में मुख्यमंत्री रहने के दौरान कई सड़क परियोजनाएं उन क्षेत्रों के आसपास से निकलीं, जहां संबंधित जमीनें स्थित हैं।
हालांकि, इन दावों को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय या संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। भूमि स्वामित्व, कंपनियों में हिस्सेदारी और सड़क परियोजनाओं से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नए विवाद की संभावना जताई जा रही है। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेर सकते हैं, वहीं सत्तापक्ष की ओर से भी जल्द प्रतिक्रिया आने की उम्मीद है।