सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होकर अपने घर उमरिया जिले के चंदिया लौट रहे थे। कार में कुल सात लोग सवार थे। सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जैसे ही अर्टिगा कार नागा घाटी क्षेत्र में पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
MP- जबलपुर| जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात बरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागा घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शारदा मंदिर के पास और मंगलायतन कॉलेज के सामने हुए इस भीषण हादसे में एक तेज रफ्तार ट्राले ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सगाई समारोह से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होकर अपने घर उमरिया जिले के चंदिया लौट रहे थे। कार में कुल सात लोग सवार थे। सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच जैसे ही अर्टिगा कार नागा घाटी क्षेत्र में पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर हुई दर्दनाक मौत
हादसे में सीधी जिले के निवासी पप्पू उर्फ राजेश शर्मा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
वहीं अनिल शर्मा, पंकज शर्मा, अनिल द्विवेदी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कार की पिछली सीट पर बैठा एक अन्य व्यक्ति इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गया।
पुलिस और राहगीरों ने बचाई जान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार और ट्राले को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
बरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
