पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह के खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मामले, जबकि अमन कोल के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध वसूली, आयुध अधिनियम, आबकारी अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम से जुड़े अपराध शामिल हैं।
MP- जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक का अपहरण कर उस पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और इनोवा कार भी बरामद की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, नया मोहल्ला ओमती निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद कामरन अली अपने साथी राहुल शर्मा के साथ सिविक सेंटर स्थित दुकान से देर रात खाना खाने शेरे पंजाब ढाबा, तिलवारा गया था। रात करीब 2:30 बजे दोनों स्कूटी से लौट रहे थे। तिलवारा पुल पर पहुंचते ही दो कारों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि अमन कोल, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह और उनके साथियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अमन कोल ने चाकू से हमला कर राहुल शर्मा को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए कामरन पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी कामरन को जबरन इनोवा कार में बैठाकर रांझी-खमरिया क्षेत्र की ओर ले गए, जहां कार के अंदर डंडों, मुक्कों और चाकू से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घायल अवस्था में उसे रांझी अस्पताल के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने उसे पहले रांझी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमन कोल (21), विशाल ठाकुर (20) और चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह (29) को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और इनोवा कार (MP20 ZE 9799) जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह के खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मामले, जबकि अमन कोल के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध वसूली, आयुध अधिनियम, आबकारी अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम से जुड़े अपराध शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

