34 से 44 साल की बेदाग सेवा के बाद जबलपुर पुलिस के 8 अधिकारी-कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 34 से 44 वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया
MP- जबलपुर| पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार शाम आयोजित गरिमामय समारोह में जबलपुर पुलिस के 8 अधिकारी एवं कर्मचारियों को 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा अवकाश नगदीकरण, बीमा, पेंशन और ग्रेज्युटी से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़ (भा.पु.से.), नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू एवं रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य उपस्थित रहे। समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजन भी शामिल हुए।
सेवानिवृत्त होने वालों में कार्यवाहक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार शुक्ला (सीएसपी कार्यालय गोरखपुर), कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक सूर्यपाल सिंह (थाना पाटन), महेन्द्र कुमार मिश्रा (थाना मझौली), उमाशंकर पाण्डे (थाना बरगी), प्रधान आरक्षक स्वराज कुमार जैन (थाना लार्डगंज), भारत भूषण चौहान (थाना खमरिया), राकेश तिवारी (पुलिस लाइन) एवं सुदामा प्रसाद मिश्रा (थाना बेलखेड़ा) शामिल हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 34 से 44 वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया तथा जबलपुर पुलिस को उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो विभाग उनकी हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
