⛽ जबलपुर में पेट्रोल पंपों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन : पेट्रोल-डीजल में मिलावट और कम माप की लगातार शिकायतों के बाद कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने विशेष जांच दल गठित कर दिए हैं। अब जिलेभर के पेट्रोल पंपों पर बिना सूचना आकस्मिक जांच होगी। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई तय है।
MP- जबलपुर। जिले में पेट्रोल और डीजल में मिलावट तथा अवैध विक्रय की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने विशेष जांच दलों का गठन कर जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के तहत गठित जांच दल बिना पूर्व सूचना के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करेंगे। जांच के दौरान ईंधन की गुणवत्ता, माप-तौल, भंडारण व्यवस्था, बिक्री संबंधी रिकॉर्ड और आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति, वितरण एवं कदाचार निवारण) आदेश, 2005 के प्रावधानों के पालन की जांच की जाएगी।
प्रत्येक जांच दल में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल विभाग के निरीक्षक तथा इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के सेल्स ऑफिसर शामिल किए गए हैं।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन में मिलावट, कम माप या अन्य अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि वाहन चालकों को शुद्ध ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
