जबलपुर में 'नकली PUMA' पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 592 जोड़ी फर्जी चप्पलें जब्त, दो होलसेल कारोबारी पर केस : PUMA की फर्जी चप्पलों पर पुलिस का शिकंजा, 1.77 लाख का माल जब्त
MP- जबलपुर। शहर में नामी ब्रांड PUMA के नाम पर नकली स्लाइडर्स (चप्पल) बेचकर ग्राहकों को धोखा देने वाले दो होलसेल कारोबारियों पर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों दुकानों पर छापेमारी कर 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 1.77 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई पूमा कंपनी की ओर से अधिकृत जांच अधिकारी मयंक शर्मा की शिकायत पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ फुटवेयर दुकानों पर पूमा ब्रांड की हूबहू दिखने वाली नकली चप्पलें बेची जा रही हैं, जिससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा है और ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी हो रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने टीम के साथ मंगलवार को तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर और अंधेरदेव स्थित आर.के. फुटवेयर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मैडम फुटवेयर से संचालक पंकज खत्री के कब्जे से 284 जोड़ी, जबकि आर.के. फुटवेयर से संचालक आवेद अली के कब्जे से 308 जोड़ी नकली PUMA स्लाइडर्स बरामद हुईं। पुलिस ने कुल 592 जोड़ी फर्जी चप्पलें जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 एवं 63 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बेचकर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
