जबलपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए 'ऑपरेशन गरिमा' के तहत स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के बाहर मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अनु बेनीवाल के नेतृत्व में इस अभियान को विशेष गति दी जा रही है।
MP- जबलपुर। महिला एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे "गरिमा अभियान" के तहत गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल ने महिला थाना और शक्ति टास्क फोर्स की टीम के साथ स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान स्कूलों के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे मनचलों, गलत हरकत करने वालों तथा बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट या टूटी-फूटी नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे युवकों पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान एएसपी अनु बेनिवाल ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि यदि कोई भी उन्हें छेड़ने या परेशान करने की कोशिश करे तो बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि "गरिमा अभियान" का उद्देश्य जबलपुर को छेड़छाड़ मुक्त बनाना और ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करना है, जहां बेटियां बिना किसी भय के स्कूल, कोचिंग, खेल या अन्य कार्यों के लिए घर से बाहर निकल सकें।
पुलिस की स्पेशल टीमें शिक्षण संस्थानों के आसपास छुट्टी के समय सादे कपड़ों और यूनिफॉर्म में तैनात रहकर मनचलों की धरपकड़ कर रही हैं। अभियान के तहत उन अवैध स्पा सेंटरों और कैफेटेरिया पर छापे मारे जा रहे हैं जो केबिन या पर्दा सिस्टम के जरिए अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं।
24 घंटे अलर्ट
महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को चौबीसों घंटे (24x7) सक्रिय रखा गया है।
📞 सुरक्षा और आपातकालीन संपर्क नंबरयदि आपको या आपके आसपास किसी छात्रा को सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या हो, तो आप तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:महिला हेल्पलाइन: 1090पुलिस आपातकालीन नंबर: 112 / 100जबलपुर पुलिस कंट्रोल रूम: 0761-2676100