हत्या के प्रयास का 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 1 पिस्टल, कारतूस और बाइक जब्त।
आरोप है कि कुनाल ने पिस्टल निकालकर मैनेजर को जान से मारने की नीयत से तीन बार फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। फायरिंग में मैनेजर को कोई चोट नहीं आई।
MP- जबलपुर। होटल में लग्जरी कमरा नहीं मिलने से नाराज होकर होटल मैनेजर पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी कुनाल पटेल को लार्डगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 पिस्टल, 1 कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को होटल मैनेजर शिवम अग्रवाल ने लार्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 26 जुलाई की रात कुनाल पटेल होटल में आया था और लग्जरी कमरा मांग रहा था। कमरे बुक होने और लोकल आईडी पर सिंगल व्यक्ति को कमरा नहीं दिए जाने की बात कहने पर आरोपी ने मैनेजर को धमकाया।
मैनेजर के मुताबिक, आरोपी ने खुद को छोटू चौबे गैंग का सदस्य बताते हुए उसे देख लेने की धमकी दी थी।
इसके अगले दिन रात करीब 11:30 बजे मैनेजर रानीताल गेट नंबर-1 के पास बारिश रुकने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कुनाल पटेल अपने साथी शनि के साथ बाइक से वहां पहुंचा। आरोप है कि कुनाल ने पिस्टल निकालकर मैनेजर को जान से मारने की नीयत से तीन बार फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। फायरिंग में मैनेजर को कोई चोट नहीं आई।
मामले में थाना लार्डगंज में अपराध क्रमांक 555/26 के तहत धारा 109(1), 296(ए), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
5 हजार का इनाम घोषित
घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। आरोपी के लगातार फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया। इसी दौरान 10 अगस्त को सूचना मिली कि कुनाल पटेल को रानीताल श्मशान घाट के पास देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में कुनाल ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस छोटू चौबे द्वारा अपराध करने के लिए देने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छोटू चौबे के साथ मिलकर संगठित अपराध करने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कुनाल पटेल के खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, जुआ एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 6 अपराध दर्ज हैं।
वहीं पुलिस के मुताबिक, कुनाल का साथी छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे संगठित अपराधों से जुड़ा कुख्यात बदमाश है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए करीब दो माह पूर्व उसे एनएसए के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया था।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लार्डगंज नवल आर्य के नेतृत्व में उप निरीक्षक लेखराम नादोनिया, सहायक उप निरीक्षक मनोज गोस्वामी, पुष्पराज परस्ते, राजेश वर्मा तथा आरक्षक पंकज सनोडिया, हुलेश परस्ते, शुभम पटेल और ऋषभ बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।