तलाशी के दौरान कब्जे से अलग-अलग बैग में रखे 6 पैकेट गांजे सहित कुल 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ दो बैग, दो कंबल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलो 184 ग्राम गांजा के साथ एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी वायपास स्थित नेचर ढाबा के सामने साई टी स्टॉल के पास एक युवक और युवती संदिग्ध बैग लेकर खड़े हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संध्या सरोते (19), निवासी डिंडौरी, वर्तमान पता गोरखपुर और हिमांशु बावरिया (22), निवासी गोरखपुर, वर्तमान पता गढ़ा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से अलग-अलग बैग में रखे 6 पैकेट गांजे सहित कुल 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ दो बैग, दो कंबल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा कहां से और किससे लाया गया था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
