ट्रक और कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर के बाद कार बाइक सवारों समेत करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई।कार का नंबर MP 51 ZB 3909 बताया जा रहा है।
MP- जबलपुर। जबलपुर-मंडला रोड पर बरेला टोल नाका के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित हुई कार बाइक सवार दो युवकों से जा भिड़ी। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बरेला टोल नाका के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार बेकाबू हो गई और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के रहने वाले थे और अपने घर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कार चालक को उपचार के लिए जबलपुर रेफर कराया। वहीं मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि ट्रक और कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर के बाद कार बाइक सवारों समेत करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार का नंबर MP 51 ZB 3909 बताया जा रहा है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
