MP: गायों को बचाने के चक्कर में भीषण हादसा, 8 मजदूरों की मौत; 32 घायल - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

MP: गायों को बचाने के चक्कर में भीषण हादसा, 8 मजदूरों की मौत; 32 घायल

ये मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी पिकअप से अपने घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।


भिंड-ग्वालियर NH-719 पर आधी रात हुआ दर्दनाक हादसा, पिकअप और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत।



MP- भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छीमका गांव के पास धान की रोपाई कर वापस लौट रहे मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

गायों के झुंड को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1 बजे पिकअप छीमका गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान हाईवे पर गायों का झुंड बैठा हुआ था। गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

धान की रोपाई के लिए आए थे मजदूर

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। ये मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी पिकअप से अपने घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात बने, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने क्या कहा?

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार, हादसा आधी रात के आसपास NH-719 पर हुआ। पिकअप में सवार मजदूर धान की रोपाई का काम करके वापस लौट रहे थे। हादसे में कई लोगों की मौत हुई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। घायलों और मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


नोट: हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर शुरुआती जानकारी में अंतर सामने आया है। पुलिस/प्रशासन से प्राप्त आधिकारिक अपडेट के आधार पर खबर को अपडेट किया जाएगा।