हत्या के मामले में फरार इनामी आरोपी शेख आदिल गिरफ्तार
MP- जबलपुर। हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शेख आदिल को जबलपुर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर थाना माढ़ोताल में अनिराज नायडू की हत्या और थाना ग्वारीघाट में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में भी लिप्त था।
क्राइम ब्रांच को 17 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शेख आदिल लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती में एक मकान में फरारी काट रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कमर में एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में चार कारतूस लोड थे। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मकान से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने ये सामान किया बरामद
- 3 देशी पिस्टल
- 1 रिवॉल्वर
- 4 कट्टे
- 2 एयर गन
- 1 तलवार
- 1 बका
- 1 चाकू
- 54 कारतूस
- 68 फायर किए हुए खाली खोखे
- 9 खाली मैगजीन
- 23 मोबाइल फोन
- 1 पासपोर्ट
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शेख आदिल ने बताया कि उसे फरारी के दौरान छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे के मकान में रुकवाया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अवैध हथियारों की बिक्री और अपराधों में अपनी भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक शेख आदिल छोटू उर्फ सुयश चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य है। अनिराज नायडू की हत्या और रतन यादव पर गोली चलाने की घटना में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही उसे माढ़ोताल के हत्या और ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के मामलों में भी गिरफ्तार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार छोटू चौबे को उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए करीब दो माह पहले राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किया गया था।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ तथा डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में की गई।