जबलपुर में नेशनल हाईवे पर लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

जबलपुर में नेशनल हाईवे पर लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद

जबलपुर में नेशनल हाईवे पर लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद।




पुलिस को आरोपियों के संबंध में जानकारी मिलने के बाद वायपास जीरो डिग्री क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया गया।

MP - जबलपुर माढ़ोताल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे एवं सर्विस रोड पर राहगीरों से लूट और शराब के लिए रुपए मांगकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1500 रुपए नकद, लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस और एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिन्नू उर्फ दिनेश अहिरवार (25), गौरव अहिरवार उर्फ भोला (24) और प्रमोद चौधरी (26) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी माढ़ोताल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।


चलती बाइक में मारी लात, फिर लूट लिए 8500 रुपए

पहली घटना 31 अगस्त 2026 की है। भेड़ाघाट निवासी 22 वर्षीय युवक अपने मामा के साथ काम के रुपए लेकर मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। अंधमूक की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सीमेंट गोदाम के पास शाम करीब 7 बजे पीछे से आए तीन युवकों ने उनकी बाइक में लात मार दी।


दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए। आरोपियों ने उन्हें घेरकर युवक के पास रखे 7 हजार रुपए और उसके मामा के 1500 रुपए छीन लिए। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल भी लूटकर फरार हो गए।

इस मामले में माढ़ोताल थाने में अपराध क्रमांक 762/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।


शराब के लिए मांगे 500 रुपए, विरोध करने पर हमला

दूसरी घटना 18 अगस्त 2026 की शाम की बताई गई है। नर्मदा नगर गोहलपुर निवासी एक व्यक्ति काम से घर लौट रहा था। पांडव रेस्टोरेंट के आगे राधाकृष्ण नेत्रालय के पास तीन युवकों ने उसे रोककर शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे।


रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और किसी नुकीली वस्तु से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।


मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को आरोपियों के संबंध में जानकारी मिलने के बाद वायपास जीरो डिग्री क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया गया।


पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से 1500 रुपए नकद, लूटी गई मोटरसाइकिल MP 49 ZE 2751, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की एक्सिस तथा दूसरी मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक बाकी लूट की रकम आरोपियों ने खर्च कर दी।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार, क्राइम ब्रांच प्रभारी डीएसपी शैलेष मिश्रा सहित थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।