जबलपुर में यातायात नियमों को लेकर प्रशासन सख्त : बार-बार उल्लंघन पर निरस्त होंगे ड्राइविंग लाइसेंस और नो-पार्किंग में खड़ी कारें होंगी जब्त - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

जबलपुर में यातायात नियमों को लेकर प्रशासन सख्त : बार-बार उल्लंघन पर निरस्त होंगे ड्राइविंग लाइसेंस और नो-पार्किंग में खड़ी कारें होंगी जब्त

यातायात नियमों की बार-बार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस नई व्यवस्था के तहत ऐसे वाहन चालक जिनके नाम पर पांच से अधिक बार ई-चालान जारी हो चुके हैं और उन्होंने राशि का भुगतान नहीं किया है, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



MP - जबलपुर |जबलपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अब तक का सबसे सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया है कि यातायात नियमों की बार-बार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस नई व्यवस्था के तहत ऐसे वाहन चालक जिनके नाम पर पांच से अधिक बार ई-चालान जारी हो चुके हैं और उन्होंने राशि का भुगतान नहीं किया है, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस द्वारा ऐसे उल्लंघनकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है ताकि उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कदम उठाए जा सकें।



प्रशासन ने ई-चालान की वसूली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग को एक विशेष प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया है जिसके अंतर्गत वाहनों के पंजीयन और बीमा का नवीनीकरण तभी संभव होगा जब वाहन मालिक अपने सभी लंबित ई-चालानों का भुगतान कर देंगे। वर्तमान में जबलपुर स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों जैसे तीन पत्ती, शास्त्री ब्रिज, नागरथ चौक, गोहलपुर, लेबर चौक, बंदरिया तिराहा, तैय्यब अली और अधारताल सहित अन्य स्थानों पर रेड लाइट उल्लंघन, बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।



शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में जाम की समस्या से निपटने के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है। भंवरताल, सिविक सेंटर और मानस भवन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के 300 मीटर के दायरे को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। यदि कोई भी कार मालिक इस परिधि में सड़क किनारे अवैध पार्किंग करता पाया जाता है, तो यातायात पुलिस द्वारा वाहन को तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। टायर लॉक सिस्‍टम शुरू किया जायेगा। जब्त किए गए वाहनों को टोइंग शुल्क और चालान राशि जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आगामी 10 दिनों के भीतर इन सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं।


 
बैठक में नगर निगम कमिश्‍नर श्री राम प्रकाश अहिरवार,  स्मार्ट सिटी सीईओ श्री अनुराग सिंह, एएसपी ट्रैफिक सुश्री अंजना तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक श्री संतोष शुक्ला, केन्ट बोर्ड की ओर से अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।