जबलपुर: एटीएम कार्ड बेचकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार
खातों में कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए पैसे जमा करता था। साइबर जांच में उसके मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, कई लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खातों की जानकारी, लॉगिन आईडी और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां भी मिलीं।
MP- जबलपुर | जबलपुर पुलिस ने लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड और बैंकिंग जानकारी बेचने वाले एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बेलबाग थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान न्यू कंचनपुर निवासी सौरभ कुमार रजक (31) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रोहित नामक व्यक्ति के संपर्क में था, जो अलग-अलग लोगों के एटीएम कार्ड उपलब्ध कराता था। आरोपी इन खातों में कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए पैसे जमा करता था। साइबर जांच में उसके मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, कई लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खातों की जानकारी, लॉगिन आईडी और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां भी मिलीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथी लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड एवं बैंक विवरण बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। पुलिस ने सौरभ रजक, रोहित (मांडवा बस्ती, गोरखपुर) और 'नितिन 3333' नाम से व्हाट्सएप उपयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से रिमांड पर पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
