जबलपुर पुलिस की बड़ी सफलता: महिलाओं के झुमके लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 बदमाश और 2 विधि-विवादित बालक गिरफ्तार - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

जबलपुर पुलिस की बड़ी सफलता: महिलाओं के झुमके लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 बदमाश और 2 विधि-विवादित बालक गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।




MP- जबलपुर। शहर में महिलाओं के कानों से सोने के झुमके झपटने की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झपटमारी और वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और दो विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 सोने की झुमकियां और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशू केवट (21 वर्ष) निवासी यादव कॉलोनी, लार्डगंज तथा संतोष कोरी (25 वर्ष) निवासी छत्तरपुर, थाना पनागर शामिल हैं। इनके साथ दो 17 वर्षीय विधि-विवादित बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले ओमती क्षेत्र से एक आर-15 मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसी चोरी की बाइक से चारों आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते थे और सुनसान स्थानों या हाईवे पर महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कानों से सोने के झुमके झपट लेते थे। कई घटनाओं में झुमके छीनने के दौरान महिलाओं के कान तक फट गए।


सात मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल, पनागर और ओमती थाना क्षेत्रों में कुल सात वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें 6 झपटमारी और 1 मोटरसाइकिल चोरी की घटना शामिल है।


सीसीटीवी और मुखबिर बने सफलता की कुंजी

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान आनंद नगर क्षेत्र में संदिग्ध बाइक पर घूम रहे दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।


पूछताछ में आरोपियों ने सभी वारदातें स्वीकार कर लीं। पुलिस ने छीनी गई सभी 6 झुमकियां और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर चारों आरोपियों को संबंधित मामलों में विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार, थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच एवं अधारताल थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की है।


जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं पर बड़ी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।