पुलिस जांच में सामने आया कि हत्याकांड की साजिश प्रिंस नेल्सन के पिता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन ने रची थी। उसने अपने पुत्र और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। विवेचना के दौरान प्रकरण में कई अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी उजागर हुई।
MP- जबलपुर|थाना रांझी पुलिस को बहुचर्चित क्लारेन्स एटकीन्स हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग दो माह से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के ईनामी मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन उर्फ आशीष नेल्सन को उसके 16 वर्षीय विधि-विवादित साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 23 अप्रैल 2026 को रांझी क्षेत्र में सिविल इंजीनियर क्लारेन्स एटकीन्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन अपने साथी के साथ फरार हो गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्याकांड की साजिश प्रिंस नेल्सन के पिता बाबा नेल्सन उर्फ विकास नेल्सन ने रची थी। उसने अपने पुत्र और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। विवेचना के दौरान प्रकरण में कई अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी उजागर हुई।
इससे पूर्व पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी तेजबल उर्फ अरुण रैकवार और मोहित ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन, उसका पिता बाबा नेल्सन तथा एक अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा 10-10 हजार रुपये तथा बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह द्वारा 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना रांझी पुलिस ने 18 जून को मुखबिर की सूचना पर गोरखपुर स्थित ईसाई कॉलोनी क्षेत्र से प्रिंस नेल्सन और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी प्रिंस नेल्सन को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले का मुख्य साजिशकर्ता बाबा उर्फ विकास नेल्सन अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस ने इस कार्रवाई का श्रेय थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मयंक सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम तथा आरक्षक मनीष और अभिषेक मिश्रा की टीम को दिया है।
