घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है देखिए यह वीडियो 👇🏻👇🏻👇🏻👇🏻
MP- जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर पुरवा रोड स्थित एक कबाड़खाने में अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 से 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया और सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई।
अवैध कबाड़खाने को लेकर उठे सवाल
आग लगने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि जिस कबाड़खाने में आग लगी, वह कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा था। रहवासी इलाके के बीच संचालित इस बड़े कबाड़खाने को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कबाड़खाना बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था तो संबंधित विभागों द्वारा इसकी जांच और निगरानी क्यों नहीं की गई। लोगों ने पूछा है कि आखिर ऐसी गतिविधियों को अनुमति किसके संरक्षण में मिल रही थी और जिम्मेदार अधिकारी अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों को भी बड़ा नुकसान हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से भी अभी तक कबाड़खाने की वैधता और आग के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में आगजनी की घटना के साथ-साथ कबाड़खाने के संचालन को लेकर भी जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है।
