Jabalpur News: कांचघर चौक में देर रात खूनी संघर्ष, चाकू के ताबड़तोड़ वार से दो युवक गंभीर घायल - Jai Bharat Express | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express  | हिंदी न्यूज़ पोर्टल | जबलपुर एवं मध्यप्रदेश की ताज़ा खबरें

Jai Bharat Express एक हिंदी समाचार पोर्टल है, जहाँ जबलपुर, मध्यप्रदेश, देश, राजनीति, अपराध, प्रॉपर्टी, व्यापार, शिक्षा एवं ताज़ा खबरें प्रकाशित की जाती हैं। निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ समाचारों के लिए Jai Bharat Express पढ़ें।

Breaking

Jabalpur News: कांचघर चौक में देर रात खूनी संघर्ष, चाकू के ताबड़तोड़ वार से दो युवक गंभीर घायल

पुरानी रंजिश के चलते आरोपी सम्राट चौधरी उर्फ डॉक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा तथा उनके अन्य साथियों ने मिलकर अविनाश शर्मा को घेर लिया। आरोपियों ने चाकू से उसके सिर, चेहरे और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा।




MP- जबलपुर| शहर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित कांचघर चौक रविवार देर रात उस समय दहशत में आ गया जब पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने आए उसके साथी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।


पुलिस के अनुसार कांचघर चौक निवासी एडवोकेट अनूप शर्मा (37 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे पड़ोसी आकाश सिंह राजपूत ने उन्हें सूचना दी कि उनके छोटे भाई अविनाश शर्मा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया है।


पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी सम्राट चौधरी उर्फ डॉक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा तथा उनके अन्य साथियों ने मिलकर अविनाश शर्मा को घेर लिया। आरोपियों ने चाकू से उसके सिर, चेहरे और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा।


बचाने पहुंचे साथी पर भी किया हमला

घटना के दौरान अविनाश के साथ उसका मित्र निक्की खत्री भी मौजूद था। जब उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में निक्की के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।


खून से लथपथ हालत में मिला घायल

सूचना मिलने पर परिजन अमित शर्मा और दिनेश शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि तेलमिल के सामने परिहार डॉक्टर के बाजू में अविनाश शर्मा खून से लथपथ हालत में बैठा हुआ था। उसके सिर और शरीर से लगातार खून बह रहा था।


विक्टोरिया अस्पताल में कराया गया भर्ती

परिजन दोनों घायलों को लेकर घमापुर थाना पहुंचे। पुलिस ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल दोनों को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।


आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

फरियादी अनूप शर्मा की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने आरोपी सम्राट चौधरी, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा एवं अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।


पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने देर रात हुई इस वारदात पर चिंता जताई है।